News

देहरादून में गूंजा लोकतंत्र का युवा स्वर: 6वीं युवा विधानसभा का आगाज़, युवाओं ने संभाली ‘सत्ता’ की कमान

43

देहरादून:

राजधानी देहरादून में ‘युवा आह्वान’ संस्था द्वारा आयोजित 6वीं युवा विधानसभा का भव्य शुभारंभ हुआ। लोकतंत्र के इस विशेष उत्सव में उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों से आए युवा प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। 26 फरवरी तक चलने वाले इस आयोजन में युवाओं ने मुख्यमंत्री, मंत्री और विपक्ष की भूमिका निभाते हुए सदन की कार्यवाही को जीवंत बना दिया।

सदन के पहले सत्र में माहौल बिल्कुल असली विधानसभा जैसा नजर आया। चर्चा का मुख्य विषय रहा — “टेक्नोलॉजी और रोजगार”। झबरेड़ा विधानसभा से युवा विधायक अंकुर सैनी नगला ने कहा कि इस बार फोकस तकनीक के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने और युवाओं को नए अवसर देने पर रहेगा। वहीं पिरान कलियर विधानसभा से युवा विधायक पवन पाल ने जोर देते हुए कहा कि बेहतर तकनीक ही उत्तराखंड में स्वरोजगार और नए रोजगार के द्वार खोल सकती है।

सदन में विपक्ष की भूमिका निभा रहे युवा प्रतिनिधियों ने भी प्रदेश की बुनियादी समस्याओं और ज्वलंत मुद्दों को मजबूती से उठाने का भरोसा दिलाया। सवाल-जवाब, तर्क-वितर्क और सुझावों के बीच सदन में लोकतांत्रिक परंपराओं की झलक साफ दिखाई दी।

संस्था के निदेशक रोहित ध्यानी ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करना है। उन्होंने कहा कि युवा विधानसभा एक ऐसा मंच है, जहां से प्रदेश के वास्तविक मुद्दे सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।

युवा जोश, सकारात्मक बहस और रचनात्मक सुझावों के साथ देहरादून में शुरू हुई यह 6वीं युवा विधानसभा न केवल लोकतंत्र की पाठशाला बन रही है, बल्कि प्रदेश के भविष्य की नई दिशा भी तय कर रही है।


I-Press
Get In Touch

Roorkee

+91-8586048725

ipressindia13@gmail.com

Follow Us

© I-Press. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies