👉 रानीपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, लूटी गई चेन का हिस्सा व अवैध चाकू बरामद, एक आरोपी फरार
खबर:
हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में शिवालिक नगर स्थित एक मेडिकल स्टोर पर हुई चैन स्नैचिंग की घटना का पुलिस ने मात्र 21 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने अंतरराज्यीय गैंग के एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी अभी फरार है।
जानकारी के अनुसार, 23 मार्च की रात मेडिकल स्टोर संचालक के साथ दो युवकों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। एक युवक ग्राहक बनकर दुकान में घुसा और मौका पाकर दुकानदार के गले से सोने की चेन छीन ली। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसके बाद 25 मार्च को बहादराबाद क्षेत्र से आरोपी अनमोल गर्ग (24 वर्ष), निवासी मुजफ्फरनगर, को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन का आधा हिस्सा, एक अवैध फोल्डिंग चाकू और 200 रुपये नगद बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने फरार साथी आशीष उर्फ पगला के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देता था और नशे की लत पूरी करने के लिए इस तरह की घटनाएं करता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और हत्या के मामले में जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
© I-Press. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies