मुंडाखेड़ा स्थित मैत्री कन्या गुरुकुलम का वार्षिक उत्सव बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मधुर भजनों एवं राष्ट्रभक्ति गीतों के साथ हुआ, जिससे पूरे वातावरण में भक्ति और देशभक्ति का भाव देखने को मिला।
पिछले करीब पचास वर्षों से गुरुकुलम असहाय एवं निर्धन परिवारों की बेटियों को निशुल्क शिक्षा प्रदान कर उन्हें वैदिक संस्कारों से जोड़ते हुए आत्मनिर्भर बनाने का सराहनीय कार्य कर रहा है। यहां शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि बालिकाओं के आत्मबल, आत्मरक्षा और आत्मविश्वास के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान गुरुकुलम की छात्राओं ने तलवारबाजी और लाठी संचालन जैसी पारंपरिक एवं आत्मरक्षा से जुड़ी कलाओं का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, पूर्व मेयर गौरव गोयल एवं समाजसेवी जितेंद्र पंवार का गुरुकुलम की संचालिका डॉ. सावित्री मैत्री द्वारा सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
© I-Press. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies