गुरुकुल नारसन, हरिद्वार। राजा महेंद्र प्रताप प्रेम विद्यालय इंटर कॉलेज के प्रांगण में रविवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर सोशल वेलफेयर सोसायटी, गुरुकुल नारसन की ओर से मेधावी छात्र सम्मान समारोह एवं पुस्तक विमोचन कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2025-26 में कक्षा 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अनुसूचित जाति के सैकड़ों मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि न्यायिक मजिस्ट्रेट सिद्धार्थ कुमार तथा अति विशिष्ट अतिथि उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के पूर्व सदस्य डॉ. सुमेर चन्द रवि रहे। समारोह की अध्यक्षता सोसायटी के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता डॉ. अमित कुमार पाटिल ने की।
इस दौरान मेधावी विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि, अति विशिष्ट अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा नगद धनराशि, शील्ड, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
डॉ. अमित कुमार पाटिल की पुस्तक का हुआ विमोचन
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार पाटिल एडवोकेट की नवीन पुस्तक "नेह की छांव, नफरत की धूप" का विमोचन रहा। मुख्य अतिथि न्यायिक मजिस्ट्रेट सिद्धार्थ कुमार, अति विशिष्ट अतिथि डॉ. सुमेर चन्द रवि सहित मंचासीन अतिथियों ने पुस्तक का विधिवत विमोचन किया।
अतिथियों ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि यह कृति सामाजिक समरसता, मानवीय संवेदनाओं और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का प्रयास करती है। उन्होंने पुस्तक को समाज के विभिन्न वर्गों के लिए उपयोगी और पठनीय बताया।
समारोह में सैकड़ों छात्र-छात्राओं के साथ उनके अभिभावक और स्थानीय प्रबुद्धजन भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सोसायटी के उपाध्यक्ष सुमन्त कुमार एडवोकेट, उपाध्यक्ष आलोक हर्ष, महासचिव सुमित कर्णवाल, सचिव पंकज कुमार, सहसचिव अर्पित भारती, कोषाध्यक्ष मुनीष कुमार, लेखाकार सागर खैरवाल, मीडिया प्रभारी अरुण बरसवाल और सलाहकार भूपेंद्र कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह के माध्यम से मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के साथ ही शिक्षा, सामाजिक समरसता और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
© I-Press. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies