News

परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा के निर्देश पर चार करोड़ की लागत से होगा सेना चौराहे से सालियर तक हाईवे का कायाकल्प

83

रुड़की। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु करने और प्रमुख मार्गों की बदहाल स्थिति सुधारने को लेकर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने कार्ययोजना तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। सेना चौराहे से लेकर सालियर तक हाईवे की मरम्मत एवं सड़क सुधार कार्य पर करीब चार करोड़ रुपये खर्च किए जाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।


दरअसल, सेना चौराहे से सालियर तक का मार्ग शहर के प्रमुख और व्यस्ततम मार्गों में शामिल है। पहले यह सड़क देहरादून जाने वाले मार्ग का हिस्सा थी, लेकिन बाईपास बनने के बाद सेना चौराहे से सालियर तक का मार्ग राजमार्ग के रूप में परिवर्तित हो गया। लगातार बढ़ते यातायात और वाहनों के दबाव के कारण सड़क की स्थिति प्रभावित हुई है। कई स्थानों पर गड्ढों और अव्यवस्थित यातायात के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने सड़क की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मार्ग को व्यवस्थित और यातायात के लिए बेहतर बनाने के निर्देश दिए हैं। मंत्री के निर्देश के बाद लोक निर्माण विभाग की ओर से करीब चार करोड़ रुपये की लागत से सड़क सुधार का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।


चौराहों पर जंक्शन सुधार पर भी रहेगा फोकस


प्रस्तावित कार्य में केवल सड़क की मरम्मत ही नहीं, बल्कि प्रमुख चौराहों पर जंक्शन सुधार के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी। मालवीय चौक, बीएसएम तिराहा और रामपुर चुंगी के समीप यातायात के दबाव को देखते हुए आवश्यक सुधार किए जाने की योजना है।


अधिशासी अभियंता सोनू त्यागी ने मार्ग का निरीक्षण कर सड़क की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि परिवहन मंत्री के निर्देशों के बाद लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर सड़क सुधार की कार्ययोजना तैयार की जा रही है।


कई मार्गों पर बिछेगी नई लेयर


मौसम साफ होने के बाद लोक निर्माण विभाग की ओर से बहादराबाद धनोरी मार्ग एवं रुड़की से लंढौरा होते हुए लक्सर मार्ग पर भी खराब परत को हटाकर नई मजबूत लेयर बिछाने की तैयारी है। वहीं, लोनिवि की ओर से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए टीमों को भी उतारा गया है।


अधिकारियों के मुताबिक सड़क सुधार कार्य पूरा होने के बाद सेना चौराहे से सालियर तक यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी और लोगों को गड्ढों एवं खराब सड़क से होने वाली परेशानी से राहत मिल सकेगी।


इस पूरी कवायद में सबसे अहम बात यह है कि परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा के निर्देश के बाद विभाग ने सड़क सुधार को प्राथमिकता देते हुए प्रस्ताव तैयार करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।


I-Press
Get In Touch

Roorkee

+91-8586048725

ipressindia13@gmail.com

Follow Us

© I-Press. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies